Thursday, 23 November 2017

संतों के निजी वृतांत :

एक नहीं अनेक पूर्ण संतों के उपदेश तथा उनके जीवन के वृतांत हमारे सामने हैं |





      संत नामदेव जी ने सारी उम्र कपड़े रंग कर और सील कर अपना तथा अपने परिवार का गुजारा किया l
  
      संत रविदास जी ने जीवन भर जूतियां गाँठ गाँठ कर अपना निर्वाह किया l

       हालांकि राजा पीपा तथा मेवाड़ की रानी मीराबाई आपके शिष्यों में से थे! एक बार मीरा बाई एक कीमती हीरा जबरदस्ती संत रविदास जी की झोपड़ी में छोड़ती हुई कहने लगी।   इसे बेचकर आराम से जिंदगी बसर करें ।  आप यह जो जूतियां गाँठने का काम करके अपना गुजारा करते हैं l  इसके कारण मुझे लोगों के ताने सुनने पड़ते हैं और बड़ी शर्म महसूस होती है l
  
        काफी समय के बाद वह जब फिर अपने गुरुदेव से मिलने आई तो देखा कि वही झोपड़ी है l और वही जूतियां गाँठने का काम जारी है l  हीरा वही पड़ा था जहां वह रख कर गई थी।  उसे हैरान और दु:खी देखकर रविदास जी ने कहा की बेटी !  मुझे जो कुछ भी मिला है , जूतियां गाँठ-गाँठ कर गुजारा करते हुए ही मिला है l अगर तुझे मेरे पास आने में शर्म महसूस होती है तो घर बैठे ही भजन-सुमिरन कर लिया कर!

        संत रविदास जी ने अपनी वाणी में नेक कमाई के विषय को कई पहलुओं से स्पष्ट किया है l  सबसे पहले आप हमारे इस भ्रम को दूर करते हैं कि परमात्मा की भक्ति केवल  घर-बार का त्याग करके जंगल पहाड़ों आदि में गुफाओं आदि में छिपकर अथवा हट कर्मों के द्वारा ही की जा सकती है l  आप फरमाते हैं कि जिस व्यक्ति को एक राम और दूसरे सच्चे श्रम पर भरोसा है ,  उसका जीवन सफल है l गृहस्थ में रहते हुए मनुष्य को नाम का अभ्यास करना चाहिए ,  घर को त्यागकर वन में भटकने का कोई फायदा नहीं है l  बल्कि नेक कमाई करते हुए घर में रहते हुए अभ्यास करने से घर बैठे ही प्रभु का मिलाप हो सकता है l

        एक भरोसा राम को ,  अरु भरोसा सत्तकार ॥
        सफल होइहु जीवना , कहि ' रविदास ' विचार ॥

        ग्रहहिं रहहु सति करम करहु हरदम चितंहु ओंकार ।
       ' रविदास ' हमारो बांधला ह इ केवल नाम अधार॥

         नेक कमाई जउ करहि , ग्रह तजि बन नहिं जाय ।
        ' रविदास' हमारो राम राय , गृह मंहि मिलिंहि आय॥

       महाराज चरण सिंह जी अपने सत्संग में कई बार समझाते थे कि घर-बार का त्याग करने से हमारे मन में मालिक की भक्ति का ज्यादा शौक पैदा नहीं हो जाता और ना ही इस प्रकार के त्याग दवारा जीवन की मूल आवश्यकताएं-  रोटी , कपड़ा और सिर पर छत - खत्म हो सकती हैं l  जंगल में भी पेट रोटी मांगता है , तन ढकने के लिए कपड़े की जरूरत पड़ती है और सिर पर किसी छत या छाया की l घर-बार त्याग कर हम अपना बोझ उठाने के बदले दूसरों पर या समाज पर डाल देते हैं l

         संत नामदेव , संत रविदास , संत कबीर और गुरु नानक साहिब ने स्पष्ट रुप से समझाया है कि मनुष्य संसार का काम-काज करते हुए भी प्रभु के नाम का सिमरन कर सकता हैं l  संत रविदास जी फरमाते हैं कि जो प्रेमी अपने हाथ कार्य की ओर तथा हृदय प्रभु की ओर लगाए रखता है , प्रभु स्वयं ऐसे भक्तों के घर पहुंच जाते हैं:

         जिहवा भजै हरि नाम नित,  हत्थ करंहि नित काम।
         ' रविदास ' भए निहचिंत हम, मम चिंत करैंगे राम ॥

         जिहबा सों ओंकार जप ,  हत्थन सों कर कार।
         राम मिलंहि घर आइ कर ,  कहि ' रविदास 'बिचार ॥

        संत नामदेव जी कहते हैं कि मैं कपड़े रंगने और सीने में लगा रहता हूं,  परंतु प्रभु के नाम को एक क्षण के लिए भी नहीं भूलता :

              रांगनि रांगउ सीवनि सीवउ ।
              राम नाम बिनु घरीअ न जीवउ ॥

        नामदेव जी अपने भक्तों को समझाते हुए कहते हैं कि हे त्रिलोचन , हाथों-पैरों से श्रम करते हुए अपना चित्त परमपिता परमात्मा में लगाए रखो :

          नामा कहै तिलोचना मुख ते रामु संम्हालि ॥
          हाथ पाउ करि कामु सभु चीतु निरंजन नालि ॥

                     ॥  राधा स्वामी जी  ॥

No comments:

Post a Comment